रामनगर। लंका थानाक्षेत्र सामने घाट पुल से मंगलवार देर शाम अलीनगर (चंदौली) के परोरवा निवासी संगीता चौहान ने दो साल की बेटी रंजना के साथ गंगा में छलांग लगा दी। जबकि उसके तीन बच्चे शिव कुमारी, शिवानी, और शिवम पुल पर बिलख रहे थे। उधर, दशाश्वमेध घाट के पास नाविकों ने संगीता को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि मासूम रंजना का पता नहीं चल सका। पुलिस की सूचना पर पति अजय चौहान पहुंचा।
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले अजय ने बताया कि बीते दिनों गृहस्थी का सामान लाने के लिए संगीता ने रुपये लिए थे। रुपये कहीं और खर्च कर दिये। इसे लेकर सोमवार को विवाद हुआ था। सुबह सात बजे वह काम पर निकल गया। शाम चार बजे आया तो देखा कि घर पर ताला बंद है। पत्नी व बच्चों की खोजबीन शुरू की। इस बीच रात में पुलिस से घटना की जानकारी मिली।
तैरना जानती है संगीता
संगीता तैरना जानती है। दशाश्वमेध घाट तक राम-नाम जपते तैरते हुए पहुंची। आवाज सुनकर नाविक मोटर बोट लेकर पहुंचे और उसे निकाला। उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। उधर, सामने घाट पुल से उसके गंगा मे कूदने की सूचना पर रामनगर पुलिस को पहुंची। मौके पर आधार मिला। इसके जरिये उसकी पहचान हुई। उसका मायका मिर्जापुर के मड़िहान के दीपनगर में है। बच्ची की तलाश जारी है।