हिमाचल प्रदेश चुनाव बनेगा चुनावी अनुसंधानों का गढ़, विधायक 8 दिसम्बर को बनेंगे लोग, एक विस्तृत जानकारी।
हिमाचल प्रदेश। 68 सीटें समेटे हिमाचल प्रदेश में विधान सभा के चुनावी तारीखों का ऐलान हो चुका है। हिमाचल प्रदेश में इस समय भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। बीजेपी 2022 के चुनावों में भी जयराम ठाकुर के चेहरे के साथ विधानसभा के चुनावों में जाने वाली है।
साल 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने 44 पर जीत दर्ज कर क्लियर मेजॉरिटी वाली सरकार बनाई थी। अब चुनाव आयोग ने एकबार फिर एक ही चरण में चुनाव सम्पन्न कराने का फैसला लिया है। चुनाव आयोग ने बताया कि हिमाचल में 12 नवंबर को मतदान होगा और जय- पराजय का फैसला 8 दिसंबर को किया जाएगा।
विस्तृत रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार दोपहर को नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। हिमाचल में एक चरण में पूरे प्रदेश में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। हिमाचल में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 17 अक्तूबर को जारी होगी। चुनाव लड़ने के लिए 25 अक्तूबर से नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इनकी छंटनी 27 को होगी, जबकि 29 अक्तूबर को नाम वापस ले सकेंगे। प्रदेश में आचार संहिता लागू होते ही सरकारी घोषणाओं और नई भर्तियों पर भी रोक लग गई है।
अभी तक यह होता रहा लेकिन अब यह होगा
हिमाचल और गुजरात में विधानसभा के चुनाव एकसाथ होते थे। आयोग ने अभी गुजरात में चुनावों का एलान नहीं किया है।
सीटों पर आरक्षण व्यवस्था
प्रदेश में विधानसभा की 68 में से 17 सीटें अनुसूचित जाति और तीन सीटें अनुसूचित जनजातिके लिए आरक्षित रहेंगी।
प्रदेश के कुल मतदाता
इस बार के चुनाव में हिमाचल में 55,74,793 कुल मतदाता हैं। इनमें 55,07,261 सामान्य, 67,532 सर्विस वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल पुरुष मतदाता 28,46,201, महिला मतदाता 27,28,555 हैं। 18 प्लस उम्र वाले 43,173 मतदाता, दिव्यांग 56,001, थर्ड जेंडर 37 और 80 प्लस वाले 1.22 लाख मतदाता हैं। सौ से अधिक आयु वर्ग के वोटरों की संख्या 1,184 है।
चुनाव हेतु मतदान व मतगणना केंद्रो के आंकड़े
प्रदेश में कुल 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पिछली बार 7,521 मतदान केंद्र थे। एक मतदान केंद्र में 1,500 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। 646 मतदान केंद्र शहरी और शेष 92 फीसदी ग्रामीण इलाकों में हैं। लाहौल का टशीगंग मतदान केंद्र 15,256 फीट की ऊंचाई पर है। यहां कुल मतदाता 55 हैं। सुलह में सबसे ज्यादा 1,04,486 वोटर हैं। चंबा के भरमौर का चस्क भटौरी मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए 14 किलोमीटर पैदल चलना होगा और यहां कुल 93 वोटर हैं। दुर्गम क्षेत्रों में ईवीएम पहुंचाने को पहली बार विशेष बैग उपलब्ध कराए हैं। सबसे कम 24,744 वोटर वाला विधानसभा क्षेत्र लाहौल और स्पीति है। किन्नौर के बूथ में सिर्फ 16 वोटर हैं। धर्मशाला के सिद्धवाड़ी में सबसे ज्यादा 1,494 मतदाता हैं।
12 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 20 मतदान केंद्र
प्रदेश में 10 से 12 हजार फीट की ऊंचाई में कुल 65 मतदान केंद्र हैं, जबकि 12 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 20 मतदान केंद्र हैं। चिंतपूर्णी विस क्षेत्र का धुसाड़ा-2 मतदान केंद्र सबसे कम ऊंचाई 300 फीट पर है। यहां कुल मतदाता 894 हैं। 100 साल से अधिक आयु के पुरुष मतदाता 417, जबकि महिलाएं 767 हैं। बता दें कि देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी 105 साल के हैं।
पड़ोसी राज्यों से लगती सीमाएं होंगी सील : डीजीपी
राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने धर्मशाला में बैठक कर पुलिस अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ लगती लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, यूपी और उत्तराखंड की सीमाओं को पूरी तरह सील किया जाएगा। इस दौरान असामाजिक तत्वों की आवाजाही और नकदी, शराब, नशीली दवाओं आदि के हिमाचल में प्रवेश रोकने के लिए प्रत्येक बैरियर/ प्रवेश द्वारों पर निगरानी को बढ़ाया जाएगा।
डीजीपी 16 अक्तूबर को धर्मशाला में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाए जाएंगे। डीजीपी ने निर्देश दिया कि गैर जमानती वारंटों के निष्पादन, लाइसेंसी हथियार, अवैध शराब, नशीले पदार्थ, नकदी और अन्य वस्तुओं की जब्ती पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिनका उपयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा राज्य में आदर्श आचार संहिता को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। चुनाव संबंधी मामलों में पहले से शामिल उपद्रवियों और व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सीआरपीसी के तहत निवारक कार्रवाई की जानी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और कोई भी पुलिस अधिकारी किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल न हो। चुनावों के चलते अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और होमगार्डों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात सभी पुलिस कर्मियों के पोस्टल बैलेट समय पर तैयार किए जाएं, जिससे वह चुनाव के दौरान वोट डालने के अपने अधिकार का उपयोग कर सकें।
पिक एण्ड ड्रांप सुविधा का मिलेगा वोटरों को अधिकार
चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें इसके लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। हालांकि यह सुविधा विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी।
घर से भी दे सकेंगें मत
चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग, दिव्यांग या कोविड संक्रमित जो वोट देना चाहते हैं, लेकिन पोलिंग बूथ तक नहीं आ सकते हैं, आयोग ऐसे वोटरों के घर जाकर उन्हें मतदान करने की सुविधा देगा।
प्रियंका ने पुरानी पेंशन का किया वादा
प्रियंका गांधी ने आज सोलन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि जनता को अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर हमला साधते हुए कहा कि बीजेपी के पास पेंशन के लिए पैसा नहीं है, लेकिन वे उद्योगपतियों का लोन माफ कर रहे हैं। उनके पास युवाओं, महिलाओं को देने के लिए कुछ नहीं है। सरकारी नौकरियां पिछले 5 साल से खाली पड़ी हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज मैं दो गारंटी का ऐलान करती हूं। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में दो फैसले लिए जाएंगे। पहला एक लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी, दूसरा पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस ) लागू की जाएगी।
आज हिमाचल के दौरे पर थीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज हिमाचल दौरे पर रहीं। वे यहां कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका हिमाचल के सोलन में जनसभा को संबोधित करेंगी। इससे पहले एक दिन पहले पीएम मोदी हिमाचल के दौरे पर थे। उन्होंने ऊना में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने IIIT ऊना राष्ट्र को समर्पित की थी। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला भी रखी थी। इसके साथ ही उन्होंने चंबा में दो पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी थी।
विधानसभा चुनाव क्या कहता है ओपिनियन पोल
प्रदेश के विधानसभा चुनाव ओपिनियन पोल में बीजेपी फिर से सत्ता में वापसी करती दिख रही है। वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार बीजेपी को 38 से 46 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 20- 28 सीट आ सकती है। आम आदमी पार्टी को 0-1 सीट मिल सकती है। वहीं अन्य के खाते में 0-3 सीट आने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 12 नवंबर को होंगे। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। निर्वाचन आयोग नें शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। 68 सीटों वाली विधानसभा में अभी बीजेपी बहुमत में है।
सीएम के काम से कितने लोग खुश
वोटरों के ओपिनियन पोल में सीएम के कामकाज से 38 फीसदी लोग खुश नजर आए। वहीं, 33 फीसदी लोग सीएम के काम को खराब बताया। वहीं, 29 फीसदी लोगों ने सीएम के कामकाज को औसत बताया। सीएम पद के लिए जयराम ठाकुर अब भी लोगों के पहली पसंद बने हुए। हिमाचल में ओपिनियन पोल में 32 परसेंट लोगों ने जयराम ठाकुर को सीएम पद की पहली पसंद बताया। वहीं, 26 फीसदी लोगों ने अनुराग ठाकुर के सीएम पद का उम्मीदवार बताया। तीसरे नंबर पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह हिमाचल के लोगों की पसंद रही। 18 परसेंट लोगों ने प्रतिभा सिंह को सीएम पद का बेहतर उम्मीदवार बताया।
बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा