उत्तर प्रदेश। जहाँ प्रदेश के कई जिले बाढ़ प्रभावित हैं। बाढ़ की वजह से जन- जीवन अस्त व्यस्त होता दिखाई दे रहा है। एक तरफ जहां खुद सीएम योगी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं, तो कई जगह अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आ रही है। इसी बीच अब उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से सांसद बृज भूषण सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है।
प्रशासन पर भड़के भाजपा सांसद
भाजपा सांसद का जो वीडियो सामने आया है उसमें वह जिला प्रशासन पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। वह कह रहे हैं ‘पहले कोई भी सरकार होती थी तो बाढ़ से पहले एक बैठक होती थी। मुझे नहीं लगता कि इस बार बैठक हुई हुई। सब भगवान के भरोसे है। लोग इंतजार कर रहे हैं कि कब पानी घटेगा और कब हमारी तकलीफ कम होगी। मैंने अपने जीवन में कभी इतना खराब इंतजाम नहीं देखा है। अफसोस ये है कि हम रो भी नहीं सकते और अपने भाव को व्यक्त भी नहीं कर सकते।
सांसद बोले- कोई सुनता नहीं, बस सुनना ही रहा गया है
भाजपा सांसद ने आगे कहा कि कुछ ट्रैक्टर लगवा दिए गए हैं, जिससे लोग चलने की कोशिश कर रहे हैं। जिला प्रशासन पर भड़कते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से बाढ़ से पहले सुझाव मांगे जाने चाहिए थे। यहां बोलना बंद हो चुका है, सिर्फ सुनना ही बचा है। बोलोगे तो बागी कहलाओगे। भाजपा सांसद का वीडियो वायरल है, और लोग इसी बहाने सरकार पर हमले कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा कि बेबाकी और निर्भयता के लिए ही जनता इनको पसंद करती आ रही है। ऐसे बोल रहे हैं जैसे विपक्ष के सांसद हों। सत्ता पक्ष कब तक आम जनता की आवाज दबा पाएगा? सांसद जी की आवाज निकली है तो दूर तलक जाएगी। @Chaturvedi3205 यूजर ने लिखा कि चलिए कम से कम ठाकुर साहब की तरफ से संवेदना तो दिखाई गई। ऐसे दौर में हम सब हैं कि इतना सुनना भी बहुत मुश्किल है। एक यूजर ने लिखा कि डबल इंजन काम नहीं कर रहा? कोरोना में भी यही हाल था, पर चुनाव में पता नहीं लोगों को क्या खिला देते हैं कि वही बदहाली देखनी पड़ती है।