रायबरेली। महराजगंज पुलिस द्वारा चेन्नई से चोरी हुए चालीस लाख से अधिक मूल्य के सोने के बिस्कुट व कीमती नगो से जड़ित जंजीरें तथा कई सोने की अंगूठियों के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
आपको बता दें कि, कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि, बीते शुक्रवार को वो मय हमराही रात्रि गश्त पर थे, उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि, एक व्यक्ति भारी मात्रा में सोने के सामान के साथ मोन गांव स्थित अहिलाना मोड़ के पास खड़ा है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी भागने लगा। जिसे दौड़कर पकड़ लिया गया।
पुलिस द्वारा नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम रोहित पुत्र जगदीश निवासी पूरे बिलास मजरे जमुरावां थाना महराजगंज रायबरेली बताया। जामा तलाशी के दौरान युवक के पास से छः सौ ग्राम पीली धातु के छः बिस्कुट, पीली धातु की 3 जंजीरें, अलग अलग प्रकार के नगो से जड़ित एवं छः अंगूठी बरामद हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि, वो चेन्नई में एक बड़े आदमी के यहां रहकर नौकरी करता था, जहां दिनांक 9/9/2022 को अन्य जिलों के रहने वाले अपने दोस्तों के साथ चोरी करने की बात कबूल की है। कोतवाल ने बताया कि, आरोपी रोहित व एटा जिले के रहने वाले अरुण सहित अन्य जिलों के रहने तीन अन्य आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। थाना महराजगंज क्षेत्र के बिलास मजरे जमुरावां का रहने वाले रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपी अभी भी फरार है।