पटना। ग्रेजुएट चाय वाली के नाम से मशहूर प्रियंका गुप्ता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही थीं। एक बार फिर से पटना नगर निगम ने “ग्रेजुएट चाय वाली” प्रियंका गुप्ता का ठेला हटा दिया। जिसके बाद प्रियंका ने सोशल मीडिया पर बिहार सरकार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली थी। हालांकि, इसके बाद उन्हें ठेला लगाने के लिए जगह दे दी गई है।
दरअसल, पटना नगर निगम ने ”अतिक्रमण हटाओ अभियान” के अंतर्गत प्रियंका गुप्ता का ठेला जप्त कर लिया। इसी बात को लेकर प्रियंका गुप्ता काफी दुखी हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला जो कि खूब वायरल हुआ। वीडियो में प्रियंका अपनी चाय की दुकान हटाए जाने को लेकर फूट- फूटकर रोती दिखीं थीं। उन्होंने सरकार को भला- बुरा भी कहा था।
उन्होंने कहा, ”हद भूल गई थी मैं अपनी। मुझे लगा था मैं बिहार में कुछ अलग कर सकती हूं। लेकिन यह बिहार है, यहां लड़कियों की औकात किचन तक सीमित रहती है। लड़कियों को यहां आगे बढ़ने का कोई हक नहीं है। यहां पटना में बहुत से ठेले गैर कानूनी तरीके से लगते हैं। सिस्टम वहां एक्टिव नहीं होता, लेकिन जब एक लड़की अपना बिजनेस कर रही है तो उसे बार- बार परेशान किया जाता है।”
प्रियंका का दावा है कि उसने पटना नगर निगम के कमिश्नर के इजाजत देने के बाद कुछ दिनों के लिए एक स्थान पर अपना ठेला लगाया था। मगर नगर निगम ने फिर से उसका ठेला वहां से हटा दिया। प्रियंका नें कहा, ”हम अपनी कंपनी बंद करके घर वापस जा रहे हैं। पटना नगर निगम और बिहार कि सिस्टम का शुक्रिया, जिन्होंने मुझे मेरी औकात दिखा दी की लड़की हो, घर में रहो।”
इस वीडियो के वायरल होने के बाद पटना नगर निगम हरकत में आया और उन्होंने ग्रेजुएट चाय वाली को अपना ठेला लगाने के लिए एक जगह दी। जिसके बारे में प्रियंका गुप्ता ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है। प्रियंका ने कहा, ”मुझे एक नई जगह दी गई है। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। हम शांति से काम करना चाहते हैं।”
पटना नगर निगम के इस कार्रवाई के बाद प्रियंका गुप्ता ने सोशल मीडिया से अपना वह वीडियो डिलीट कर दिया जिसमें वह रोते हुए सरकार और नगर निगम को कोसती नजर आ रही थीं।
प्रियंका गुप्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से मंगलवार को पोस्ट कर लिखा- “जो कुछ भी मेरे साथ हुआ उससे मैं परेशान हो गई थी। लेकिन कहते हैं न कि जिंदगी इतनी आसान नहीं होती। मुझे पता चल गया कि मैं हार नहीं मान सकती क्योंकि इतने लोगों को सपोर्ट है मेरे साथ। अगर मैं हार मान गई तो बहुत सारे लोगों की उम्मीद टूट जाएगी। मैं अपनी चीजों को लेकर बहुत इमोशनल हूं। अभी ये तो कुछ भी नहीं, आगे और भी परेशानी आएगी लेकिन मुझे हिम्मत से काम लेना है।”
जानिए कौन है प्रियंका गुप्ता
बता दें कि मूल रूप से पूर्णिया की रहने वाली प्रियंका गुप्ता ने पटना वीमेंस कॉलेज के पास अपना चाय का स्टॉल लगाया था। जो रातो- रात इंटरनेट पर काफी तेजी से वायरल हुआ था। चाय के इस स्टॉल को प्रियंका गुप्ता ने ग्रेजुएट चाय वाली का नाम दिया था। बता दें कि प्रियंका ने इकोनॉमिक्स से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की है। जिस वजह से उन्होंने इस स्टॉल को ग्रेजुएट चाय वाली का नाम दिया था। देखते ही देखते प्रियंका देशभर में ग्रेजुएट चाय वाली के नाम से मशहूर हो गयी। इसके बाद नगर निगम ने अतिक्रमण को लेकर उनके स्टॉल को हटा दिया था।