GA4

छेड़छाड़ के मामले में पुलिस नें नहीं की कार्यवाई, महिला नें आहत होकर उठाया खौफनाक कदम, खत्म की खुद की जिंदगी।

Spread the love

आगरा। खंदौली क्षेत्र के गांव में महिला से छेड़छाड़ के बाद थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। गुरुवार रात महिला ने घर में फंदे लटककर खुदकुशी कर ली। स्वजन का आरोप है कि छेड़छाड़ के मामले में पुलिस के कार्रवाई न करने से आहत होकर महिला ने यह कदम उठाया है। स्वजन पुलिस का विरोध कर रहे हैं और महिला का शव नहीं उठाने दे रहे हैं। लापरवाही पर पुलिस आयुक्त ने खंदौली थाने के एसआइ को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त को दे दी है।



मंदिर के बाहर सामान लेने जा रही थी महिला

खंदौली के एक गांव में रहने वाली 25 वर्षीय महिला बुधवार शाम सात बजे गांव के बाहर मंदिर के पास से अपने ससुर से कुछ सामान लेने जा रही थी। रास्ते में ही गांव का संदीप जाटव मिल गया। उसने महिला को हाथ पकड़कर खेत में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर वह दो हजार रुपये लेकर साथ चलने को कहने लगा। महिला ने शोर मचा दिया। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से भाग गया। महिला के स्वजन ने रात को थाने में शिकायत नहीं की।
गुरुवार दोपहर 12 बजे महिला के ससुर थाने पहुंचे, वहां एसआइ अर्जुन सिंह से उन्होंने शिकायत की। एसआइ ने उनसे कहा कि पूरा गांव एक दूसरे पर आरोप लगाता रहता है। कोई भी आरोप लगाने आ जाता है। दारोगा ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। महिला और उनके ससुर वापस आ गए।



पीड़ता ने तहरीर दी लेकिन जांच को नहीं पहुंची पुलिस

गुरुवार शाम सात बजे गांव के कुछ लोगों को लेकर वे फिर पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। थाने में फिर उन्हें एसआइ अर्जुन सिंह मिले। पीड़िता के स्वजन ने उन्हें तहरीर दे दी। इसके बाद भी कोई सिपाही तक गांव में जांच के लिए नहीं पहुंचा। रात को महिला अपने पांच वर्ष के बेटे के साथ कमरे में सो रही थी। महिला के पति गुजरात में काम करते हैं। घर में ससुर रहते हैं। शुक्रवार सुबह महिला कमरे से बाहर नहीं निकली तो ससुर ने कमरे में देखा। वह फंदे से लटकी हुई थी। आसपास के लोगों के आने पर महिला को नीचे उतारा गया। तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। स्वजन का आरोप है कि दो दिन से वे थाने के चक्कर लगा रहे थे। मगर, पुलिस जांच तक को गांव में नहीं आई।



आरोपित पक्ष लगातार समझौते का बना रहा दबाव

आरोपित पक्ष लगातार समझौते को दबाव बना रहा था। पीड़ित पक्ष ब्राहमण हैं और आरोपित अनुसूचित जाति से है। महिला पहले अपमान से परेशान थी। पुलिस के कार्रवाई न करने से आहत होकर उसने खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होते ही शुक्रवार सुबह सहायक पुलिस आयुक्त रवि कुमार गुप्ता फोर्स के साथ पहुंच गए। स्वजन पुलिस का विरोध कर रहे हैं। वे महिला का शव पुलिस को नहीं उठाने दे रहे हैं।
पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि प्रथमदृष्टया एसआइ अर्जुन सिंह की लापरवाही देखते हुए लाइन हाजिर किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त से मामले की जांच कराई जा रही है। इस मामले में जिस स्तर पर भी लापरवाही सामने आएगी, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Share
error: Content is protected !!