रायबरेली। दबंग भूमाफिया द्वारा नगर पंचायत की सीमा में शामिल किए गए सुखई के पुरवा गांव में सुरक्षित जमीन पर प्रशासन के बार- बार मनाही करने के बावजूद दीवार खड़ी करने के मामले में आखिर आज राजस्व विभाग ने चाबुक चला ही दिया। शिकायत पर मौके पर पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम ने नगर पंचायत कर्मियों के साथ मिलकर मौके पर बन रही 5 फुट ऊंची दीवार को नीव सहित गिरा दिया। इससे भू माफियाओं में हड़कंप है।
आपको बता दें कि, महराजगंज कस्बे में हाल ही में शामिल हुए सुखई के पुरवा गांव में महराजगंज हैदर गढ़ और इन्हौना तिराहे पर बेशकीमती भूखंड संख्या 389 जमीन है, जो कागजात में सुरक्षित भूमि के नाम से दर्ज है। इसी जमीन पर दबंग भूमाफिया रमेश यादव के अलावा गांव के ही रहने वाले रामदेव गुप्ता द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
जिसमें रामदेव ने यहां अपना दरवाजा सुरक्षित भूमि पर लगा दिया था, वही रमेश यादव द्वारा दीवाल का निर्माण करवाया जा रहा था। इसकी 15 दिन पहले लिखित शिकायत कुछ लोगों ने की थी। प्रशासन ने तब काम रोकवाते हुए दोनों कब्जेदारों को अवैध निर्माण न करने की हिदायत दी थी। लेकिन विगत दिनों गुरु गोविंद सिंह जयंती का अवकाश होने के कारण रातो रात भूमाफिया रमेश यादव द्वारा जमीन पर दीवार खड़ी कर ली गई थी। जिसकी शिकायत होने पर एसडीएम धीरज श्रीवास्तव के निर्देश पर क्षेत्रीय नायब तहसीलदार व हल्का लेखपाल विपिन मौर्य ने मौके की जांच की।
जांच में पाया गया कि, बनाई गई दीवार सुरक्षित भूमि में है। इस पर तत्काल अधिशासी अधिकारी डॉ अनुराग शुक्ला व पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पंचायत कर्मियों ने अवैध दीवाल आनन फानन गिरवा दी और रामदेव का दरवाजा भी हटवा दिया गया। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।