GA4

मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी, सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन पर अमादा, सपा मुखिया पहुंचे पुलिस मुख्यालय।

Spread the love

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ में यूपी पुलिस मुख्‍यालय पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल के संचालक मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर वह पुलिस मुख्‍यालय पहुंचे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी की ओर से एक ट्वीट कर लिखा गया है कि ‘अखिलेश यादव पुलिस मुख्‍यालय लखनऊ पहुंचे लेकिन मुख्‍यालय में कोई जिम्‍मेदार व्‍यक्ति मौजूद नहीं है।’ इस बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य भी सीधे योगी सरकार को टारगेट कर रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।



दरअसल, समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से BJP से जुड़े अपने कुछ विरोधियों को लेकर कई आपत्तिजनक ट्वीट किए गए। ट्विटर समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के वेरिफाइड हैंडल से यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, प्रवक्ता आलोक अवस्थी, प्रवक्ता मनीष शुक्ला समेत कई नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के ट्वीट पर उन्हें तू-तड़ाक कर जवाब दिया गया था।

ये टिप्पणी उनके उस ट्वीट पर की गई जिस ट्वीट में केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा था कि उपचुनाव परिणाम भविष्य के लिए निर्णायक संदेश देने वाले होंगे। हालांकि, इस ट्वीट को केशव मौर्य ने बाद में डिलीट कर दिया था। इन विवादित ट्वीट्स को लेकर सपा की तरफ से जो जवाब आया है, उसमें ‘शठे शाठ्यं समाचरेत’ कहकर इन ट्वीट्स को जायज़ ठहराने की कोशिश भी की जा रही थी। बीजेपी की तरफ से सपा के इन ट्वीट्स को लेकर FIR भी दर्ज कराई गई थी।

मनीष जगन अग्रवाल समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ट्विटर हैंडल के संचालक हैं। उन्‍हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मनीष पर समाजवादी पार्टी सोशल मीडिया ट्विटर हैंडल के जरिए अभद्र टिप्‍पणी करने का आरोप है। लखनऊ हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने मनीष के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। समाजवादी पार्टी ने मनीष की गिरफ्तारी को निंदनीय और शर्मनाक है।

बता दें कि मूल रूप से सीतापुर बिसवां कस्बे के रहने वाले मनीष जगन अग्रवाल समाजवादी पार्टी का ट्विटर अकाउंट ऑपरेट करते थे। छह जनवरी को भाजपा युवा मोर्चा सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ.ऋचा राजपूत ने सपा मीडिया सेल नाम से ट्विटर हैंडल पर रेप और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके साथ ही ऋचा ने अपने साथ कुछ भी होने पर पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव को जिम्‍मेदार बताया था। मनीष की गिरफ्तारी के बाद सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ स्थित पुलिस मुख्‍यालय पहुंचे हैं।



बताया जा रहा है कि मनीष जनग अग्रवाल का परिवार दशकों से राजनीति में सक्रिय था। उनके दादा स्वतंत्रता सेनानी थे। जानकारी के मुताबिक उनके दादा जगन्नाथ प्रसाद तीन बार विधायक और दो बार सांसद रहे। साथ ही जगन्नाथ नेहरू के कार्यकाल में रहे हैं।

ऋचा ने अपनी शिकायत में कहा था कि सपा के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से जान से मारने और बलात्‍कार की धमकी दी जा रही है। मुझे कुछ भी होता है तो उसकी जिम्‍मेदारी अखिलेश यादव की होगी। ऋचा की शिकायत पर पुलिस ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया था। ऋचा से पहले भी सपा मीडिया सेल @MediaCellSP नाम के इस अकाउंट पर आरएसएस से जुड़े प्रमोद कुमार पांडे की ओर से विभूति खंड थाने में मामला दर्ज कराया गया था।

इसके पहले बीजेपी के प्रवक्‍ता राकेश त्रिपाठी भी सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्‍यक्ष उत्‍तम पटेल के खिलाफ अदालत में केस दर्ज करा चुके हैं। इसमें उन्‍होंने सपा के आफिशियल ट्विटर हैंडल द्वारा लगातार परिवार और अन्‍य मामलों में धमकी दिए जाने और अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल किए जाने का आरोप लगाया था। एक महिला पत्रकार ने भी सपा मीडिया सेल @MediacellSP के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई है।



इन धाराओं के तहत हुई है गिरफ्तारी

लखनऊ पुलिस कमिश्‍नरेट के मुताबिक मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ हजरतगंज थाने में 451/ 22 धारा 153 A, 153 B, 295 A, 298, 420, 500, 501, 504, 505 (2), 506 आईपीसी और 66, 67, 67a और 67b IT एक्‍ट में नामजद अभियुक्‍त हैं। मषीष को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मनीष के खिलाफ पहले भी थाना हजरतगंज में 08/22 धारा 153 A, 500, 504 IPC और 66, 67 IT Act में केस दर्ज हुआ था। उस मामले में साक्ष्‍यों के आधार चार्जशीट लगाई जा चुकी है।


Share
error: Content is protected !!