शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान काफी समय से चर्चा में है। कुछ समय पहले इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था। टीजर को फैंस ने खूब पसंद किया था। इसमें शाहरुख का एक्शन अवतार देखने को मिला था। वहीं कुछ दिन बाद इस फिल्म का गाना बेशरम रंग रिलीज हुआ। जिसके बाद उसपर दीपिका पादुकोण की भगवा बिकिनी पर जमकर बवाल हुआ। अब शाहरुख खान की बहुचर्चित फिल्म पठान का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में शाहरुख का जोरदार एक्शन सीन देखने को मिला है।
..आ गया पठान और खत्म हुआ इंताजर!’ शाहरुख खान ने आखिरकार अपने फैंस को ट्रीट दे ही दी। पठान का बेसब्री से इंतजार करने वालों का तो दिन बन गया है, क्योंकि 2023 की सबसे बड़ी फिल्म पठान का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में शाहरुख खान का फुल ऑन एक्शन अवतार दिल थामकर देखिएगा, क्योंकि उन्हें देखकर रोंगटे खड़े हो सकते हैं।
ट्रेलर में क्या है खास?
पठान के ट्रेलर का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और अब ये इंतजार खत्म हो गया है। पठान की रिलीज से 15 दिन पहले शाहरुख और दीपिका की मोस्ट अवेटेड फिल्म का ट्रेलर फैंस संग शेयर कर दिया गया है। ट्रेलर में शाहरुख का दमदार अवतार देखने लायक है। पावर पैक्ड एक्शन मोड में शाहरुख को देखकर फैंस किंग खान से नजरें नहीं हटा पा रहे हैं।
अब से कुछ देर पहले जैसे ही यशराज के ऑफिशियल पेज पर पठान का ट्रेलर रिलीज हुआ तो फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ गई हैं। ट्रेलर काफी शानदार है। इसमें शाहरुख खान को देख फैंस खुशी से झूमने लगे हैं। ट्रेलर में सिर्फ शाहरुख ही नहीं बल्कि दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम के अलावा डिंपल कपाड़िया भी नजर आ रही हैं। इस फिल्म के जरिए डिंपल ने काफी समय के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है।
शुरुआत जॉन अब्राहम से
पठान के ट्रेलर की शुरुआत जॉन अब्राहम से होती है। शुरुआत में पता चलता है कि जॉन एक आतंकी हैं, जो कि भारत पर एक बड़े अटैक की प्लानिंग कर रहे हैं। उनको रोकने के लिए पठान की जरूरत पड़ती है। इसी के बाद शाहरुख खान की धांसू एंट्री होती है। इस फिल्म में शाहरुख खान के एक सोल्जर की भूमिका में नजर आने वाले हैं। वहीं उनका साथ देने के लिए दीपिका पादुकोण भी मौजूद हैं।
देश को बचाएगा पठान
पठान में शाहरुख खान एक सोल्जर बने हैं। वे आतंकी ग्रुप के हमले से देश को बचाएंगे। जॉन अब्राहम भारत पर अटैक करने की प्लानिंग करते हैं। लेकिन किंग खान उनके इन इरादों को पूरा नहीं होने देंगे। अपने देश को आतंकी हमले से बचाने के लिए शाहरुख अपने वनवास को छोड़ एक्शन मोड में आ जाते हैं और इस लड़ाई में पठान को दीपिका पादुकोण का साथ मिलता है। ‘पठान’ के ट्रेलर में शाहरुख को दमदार एक्शन अवतार में देखने के बाद फैन्स के लिए फिल्म का इंतजार करना ही भारी हो गया है। शाहरुख के किलर एक्शन के साथ उनके लुक्स, फिजिक्स और दीपिका संग रोमांटिक केमिस्ट्री ने हर किसी का दिल जीत लिया है। ट्रेलर देखकर तो लग रहा है कि शाहरुख नए साल में बड़ा धमाका करने वाले हैं।
बेशर्म रंग पर हुआ विवाद
पठान 25 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में शाहरुख खान के अपोजिट दीपिका पादुकोण दिखाई देने वाली हैं। जॉन अब्राहम भी अहम रोल में दिखेंगे। फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में रिलीज होगी। हालांकि, पठान को रिलीज से पहले विवादों का सामना करना पड़ रहा है। फिल्म का पहला गाना बेशर्म रंग रिलीज होते ही कुछ धार्मिक संगठन के लोगों ने इसपर नाराजगी जताई थी।
दरअसल, बेशर्म रंग गाने में दीपिका पादुकोण का केसरी रंग की बिकिनी पहनना कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। उनका कहना है कि बेशर्म रंग गाने पर केसरी रंग की बिकिनी पहनकर भगवा रंग का अपमान किया गया है। कई लोग सोशल मीडिया पर फिल्म को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं। विवादों के बाद ऐसी भी रिपोर्ट्स हैं कि पठान में कुछ बदलाव किए गए हैं। हालांकि, विवादों के बीच शाहरुख को उनके फैंस का बेशुमार सपोर्ट और प्यार मिल रहा है।
4 साल बाद फिर ‘चलेगा’ पठान का जादू?
शाहरुख खान पठान फिल्म से 4 साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर कमबैक कर रहे हैं। ऐसे में फैंस उन्हें देखने के लिए बेताब हैं। फिल्म के पावरफुल ट्रेलर ने फैंस की एक्साइटमेंड डबल कर दी है। अब देखते हैं कि रिलीज के बाद पठान को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।