सरकारों की अनदेखी से निराश होमगार्ड्स अब जाएंगे सच्ची सरकार (भगवान) की शरण में!
प्रथम पैरामिलिट्री फोर्स अपनी मांगों को रखेगी माँ बगलामुखी के समक्ष: चोडिया
डलहौजी (इंदरजीत सिंह)। देश को आजाद हुए 76 साल हो गए हैं। आजादी से भी पहले अंग्रेजों के समय पर बनाई देश की प्रथम पैरामिलिट्री फोर्स “होमगार्ड्स” आज भी देश के सैन्य बलों और पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। लेकिन होमगार्ड्स स्वयंसेवी एक्ट को अपने ऊपर सरकारों द्वारा थोपा गया मानते हैं।
स्वयंसेवी एक्ट के चलते होमगार्ड ना तो रेगुलर हो पा रहा है और ना ही होमगार्ड को मूलभूत सुविधाएं ही दी जा रही हैं। पिछले लंबे अरसे से होमगार्ड के जवान विभिन्न सरकारों से स्वयंसेवी एक्ट में संशोधन करने की मांग करते आए हैं। समय-समय पर होमगार्ड के जवान सरकारों से पत्राचार द्वारा अपनी मांग रखते हैं।
बात करें हिमाचल प्रदेश की तो हिमाचल प्रदेश के होमगार्ड्स की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश होमगार्ड एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर चोडिया ने देश के गृहमंत्री को पुनः पत्र लिख कर होमगार्ड्स को आ रही परेशानियों से अवगत करवाते हुए स्वयंसेवी एक्ट में संशोधन करने की मांग रखी है, ताकि होमगार्ड को राज्य या केंद्र कर्मचारी का दर्जा मिल सके।
आखिरी सच वेबमीडिया को जानकारी देते हुए जोगिंदर चोडिया ने बताया कि होमगार्डस पिछले लंबे समय से स्वयंसेवी एक्ट में संशोधन करने की मांग को लेकर ना केवल बारंबार पत्राचार करते आए हैं, बल्कि दिल्ली जंतरमंतर पर विशाल संकेतिक धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन सरकार के कानों तले जूं तक नहीं रेंगी। जोगिंदर चौड़िया ने कहा की अपनी जायज मांगों को लेकर होमगार्ड्स केंद्र सरकार से अनेकों बार अपनी बात रख चुके हैं लेकिन होमगार्ड की जायज मांगों को लेकर केंद्र द्वारा अनदेखी व सुस्त रवैए से होमगार्ड्स काफी निराश हैं।
चोडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र से निराश होमगार्डस अब सच्ची सरकार (भगवान) के पास अपनी बात रखने का मन बना चुके हैं। आगे जानकारी देते हुए चोडिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में होमगार्डस लगभग सभी तीर्थ स्थलों पर तैनात हैं, जहां होमगार्ड्स ड्यूटी करने के साथ-साथ आस्था भी रखते हैं। प्रदेश के होमगार्डस अपने नजदीकी धार्मिक स्थल पर मौजूदा पंडित जी के माध्यम से देवी देवताओं को एक भावनात्मक मांग पत्र देकर जहां अपनी परेशानियों से अवगत करवाएंगे वहीं उन्ही को सच्ची सरकार मान कर केंद्र सरकार से स्वयंसेवी एक्ट में संशोधन करवाने की मांग करेंगे।
चोडिया ने कहा कि हम स्वयंसेवियों की तो केंद्र सरकार सुन नही रही, लेकिन उन्हें पूरा यकीन है कि केंद्र सरकार, भगवान की जरूर सुनेगी। चोडिया ने कहा कि सर्वप्रथम मां चिंतपूर्णी दरबार में माँ को भावनात्मक मांग पत्र दिया जाएगा, इसके बाद माँ बगलामुखी मुखी को भावनात्मक मांग पत्र देकर होमगार्ड के जवान हवन यज्ञ कर में काफी जवान आहुतियां डालेंगे।